Powered By Blogger

Saturday, 14 January 2023

स्वप्न नहीं! भविष्य था



                       स्वप्न नहीं यथार्थ था 

….

भविष्य वर्तमान की आँखों में तैर रहा था।

चाँद इधर-उधर दौड़ रहा था, तारे एक जगह ठहरे हुए थे।

धरती का पोर-पोर गहरी निद्रा में था-

पर भीतर कहीं भूकंप की तीव्रता बढ़ती जा रही थी।

तूफ़ान दसों दिशाओं को चीरता हुआ चीख रहा था।

दिशाओं की देह से टपकता लहू वे बार-बार आँचल में छुपा रही थीं।

इंसान की सदियों से जोड़ी ज़मीन,

और खरीदा हुआ आसमान-

धीरे-धीरे एक गड्ढे में धँसते जा रहे थे।

चेतन और अवचेतन के बीच

उसे घड़ी की टिक-टिक साफ़ सुनाई दे रही थी।

हवा में हाहाकार था,

रेत उसके दामन से छूट रही थी।

वृक्ष एक कोने में चुप खड़े थे-

अपनी गोद में सिमटे पशु-पक्षियों को थामे हुए,

और उनकी पत्तियाँ समय से पहले झर चुकी थीं।

सहसा-

स्वप्न का दृश्य टूटा।

उसने आँखें खोलीं।

खिड़की पर चाँद स्थिर था…

दौड़ नहीं रहा था।

उसने राहत की एक गहरी साँस ली।

पर तभी-

नग्न वृक्ष उसे घूरने लगे,

और सामने की सीमा भी…

अपलक।

देखते ही देखते

सीमा के सींग निकल आए-

और उनके भार से वह चीखने लगी।

वहाँ मनुष्य

चार पैर वाले प्राणी बन चुके थे,

हवा में अपनी-अपनी हदें गढ़ते हुए।

बच्चे भाषा भूल चुके थे-

गूँगे, बहरे।

समय अब भी

घटित घटनाओं का जायज़ा लेने में व्यस्त था।

‘मैं’ और ‘मेरे’ की भावना

आत्ममुग्धता को खूँटे से बाँधे

घसीटती चली जा रही थी।

उसने स्वयं से कहा-

“उठो…

तुम उठ क्यों नहीं रहे?

देखो… जीवन डूब रहा है…”

पर अर्द्धचेतना में झूलती उसकी चेतना

उसे और गहरे डुबोती रही।

वह चिल्लाया-

बहुत ज़ोर से चिल्लाया-

पर आवाज़ बाहर नहीं आई।

वह गूँगा हो चुका था।

हाँ-

गूँगा ही हो चुका था।

और तभी उसने देखा-

उसके मुँह में

अब जीभ नहीं थी।


8 comments:

  1. आपकी लिखी रचना सोमवार 16 जनवरी 2023 को
    पांच लिंकों का आनंद पर... साझा की गई है
    आप भी सादर आमंत्रित हैं।
    सादर
    धन्यवाद।

    संगीता स्वरूप

    ReplyDelete
  2. भविष्य की ख़ौफ़नाक तस्वीर प्रस्तुत करती सुन्दर रचना

    ReplyDelete
  3. सच . स्वप्न और हकीकत दो अलग स्थितियां हैं, हकीकत से सामना होते ही जीवन कुछ और नजर आता है । सराहनीय लघुकथा।

    ReplyDelete
  4. शानदार
    आपने दर्शनशास्र ही पढ़ा दिया
    सादर

    ReplyDelete
  5. विचारणीय ... विचारों का ताना-बाना गूढ़ भाव
    व्यक्त करती रचना।

    ReplyDelete
  6. भयावह भविष्य का अद्भुत शब्दचित्रण ।

    ReplyDelete
  7. आदरणीया अनीता सैनी जी  ! प्रणाम !
    मनुष्य को कई आयाम सृष्टि में वैशिष्टय प्रदत्त करते है , परन्तु बहुधा भाषागत संस्कार अधिक अनुभूत  किये जाते है !
    वैश्विक घटनाओं में प्रकृति को हाशिए पर रख , निजता में आकंठ डूबी , भोगवादी जीवन शैली के कोलाहल को बहुत तीखे शब्दों में रेखांकित किया है आपने !
    जय श्री राम !
    ईश्वर आपके प्रयास क पूर्णता एवं श्रेष्ठता प्रदान करे , शुभकामनाएं !

    ReplyDelete
  8. एक स्वप्न जैसा भविष्य का स्वरूप विचारों के माध्यम से गूँथा है आपने जिसमें आने वाले समय के प्रति चिंता का भाव प्रस्फुटित हुआ है । लाजवाब सृजनात्मकता ।

    ReplyDelete

सीक्रेट फ़ाइल

         प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका 'लघुकथा डॉट कॉम' में मेरी लघुकथा 'सीक्रेट फ़ाइल' प्रकाशित हुई है। पत्रिका के संपादक-मंड...