Powered By Blogger

Saturday, 20 August 2022

ख़ामोश सिसकियाँ

                              


                                      ”देख रघुवीर ! इन लकड़ियों के पाँच सौ से एक रुपया ज़्यादा नहीं देने वाला। तुमने कहा यह चार खेजड़ी की लकड़ियाँ हैं, यह दो की भी नहीं लगती!”

दोनों हाथ कमर पर धरे एक पैर आगे बढ़ाए खड़ा प्राइमरी स्कूल का अध्यापक व रघुवीर का छोटा भाई धर्मवीर।

”कैसे नहीं लगती दोनों जगह वाली दो-दो खेजड़ी की लकड़ियाँ हैं, पूछो सुनीता, सुमन और सजना से, हम चारों ने मिलकर इकट्ठा की हैं।”

रघुवीर चोसँगी ज़मीन में गाड़ते हुए पसीना पोंछता है।

”देख भाई!  पाँच सौ से एक रुपया ज़्यादा नहीं देने वाला,तू जाने तेरा काम जाने; अब तू यह बता सुखराम दो दिन से स्कूल क्यों नहीं आ रहा?”

धर्मवीर रघुवीर की दुःखती रग पर हाथ रखते हुए ऊँट पर बैठे सात साल के सुखराम की ओर इशारा करता है, सुखराम अध्यापक कहे जाने वाले काका को देखता हुआ दाँत निपोरता है।

”काका! काका! यह हमारे साथ भट्टे पर मिट्टी खोदने जाता है।”

तीनों लड़कियाँ एक स्वर में एक साथ बोलती हैं।

” तू इन छोरियों के जीवन से कैसा खिलवाड़ कर रहा है? पास ही के गाँव के स्कूल में दाख़िला क्यों नहीं करवाता इनका!”

पास पड़ी लकड़ियों को धर्मवीर घूम-घूमकर देखता है। ”हाँ लकड़ियाँ हैं तो मोटी-मोटी, बढ़िया है। आड़ू को क्या पता मन और पंसेरी का ?”

रघुवीर की मासूमियत पर धर्मवीर अपनी राजनीति का लेप चढ़ाता है।

”तू अपने भट्टे पर पराली क्यों नहीं काम में लेता? खेत की लकड़ियाँ मेरे भट्टे पर डाल दिया कर, मैं छोरियों के स्कूल की व्यवस्था करता हूँ। तू  निरा ऊँट का ऊँट रहा, इन्हें तो इंसान बनने दे!”

कहते हुए धर्मवीर सूरज को ताकता हुआ वहाँ से स्कूल के लिए निकल जाता है।

बापू ! बापू ! स्कूल जाना है हमें।”

सुमन, सजना मन को पसीजते हुए कहती हैं।

”दिखता नहीं ! बापू की आँख में पसीना चला गया। चल दूर हट छाँव में बैठने दे!”

बड़ी लड़की सुनीता अपने पिता रघुवीर की ओर पानी से भरा जग बढ़ाती है।

”कलियुग में कौवों का बोलबाला है। कैसे बचेंगीं चिड़ियाँ ? कौन पिता होगा जो नहीं चाहता हो कि उसकी बेटियों को पंख और खुला आसमान न मिले?”

रघुवीर घर्मवीर की ओर देखता हुआ अंगोंछा सर पर कस के बाँधता है।


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Monday, 15 August 2022

ठूँठ


                        रिमझिम बरसात कजरी के मीठे स्वर-सी प्रतीत हो रही थी। मानो एक-एक बूँद प्रेम में झूम रही थी। जो प्रेम में, उसके लिए बारिश प्रेमल और जिसका हृदय पीड़ा में, उसके लिए समय की मार! अपनों के लिए अपनों को दुत्कारना फिर उन्हें अपनाने की चाह में भटकना, ऐसी थी धन कौर।

”हवा के साथ बरसात भी अपना रुख़ बदल लेती है! इंसान की तो बिसात ही क्या?”

बड़बड़ाते हुए धनकोर घर की ओर बढ़ती जा रही थी।

 अधीर मन को ढाँढ़स बँधाती बारिश में भीगी ओढ़नी निचोड़ती गीता को देख अनायास ही कह बैठी।

”गृहस्थी में उलझी औरतें प्रेम में पड़ी औरतों से भी गहरी होती हैं।”

"स्पष्ट शब्द अशिष्टता की श्रेणी में कब खड़े कर दिए जाएँ और कब गिरा दिए जाएं।" इसी विचार के साथ धनकोर के दृष्टिकोण को समझते हुए,सीढ़ियों पर बैठी गीता ने सूखा टॉवल उसकी ओर बढ़ाया।

”दिमाग़ के खूंटे से विचारों की रस्सी न लपेटाकर अब कहती हूँ लौट आ, तू वह नहीं रही जो पच्चीस वर्ष पहले थी।” पश्चाताप की अग्नि में जलती धनकोर ममत्व भाव उड़ेलती, अचानक बिजली गिरे वृक्ष-सी बेटी से लिपटकर सुबकने लगी। उम्र के इस पड़ाव पर ज़रूरत का ताक़ाज़ा देती हुई इसी उम्मीद के साथ कि कोंपल फिर फूट जाएगी और वृक्ष हरा-भरा हो जाएगा।

"भूल क्यों नहीं जाते घटना और घटित लोगों को?किसी एक की परवाह में उलझी दूसरे के हृदय से कब ओझल हो जाती हैं गृहस्थ औरतें, जानती हैं ना आप?”

कहते हुए- गीता के आँसू बहे, न हृदय का भार बढ़ा और न ही पीड़ा के अनुभव से स्वर में आए कंपन ने रुख़ बदला।


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Sunday, 10 July 2022

विश्वास के चार फूल


                 ”पिता का हाथ छूटने पर भाई ने कलाई छोड़ दी और पति का साथ छूटने पर बेटे ने…।” कहते हुए बालों को सहलाती सावित्री बुआ की उँगलियाँ सर पर कथा लिखने लगी थी। अर्द्ध-विराम तो कहीं पूर्ण-विराम और कहीं प्प्रश्न-चिह्न पर ठहर जातीं। बुआ के विश्वास का सेतु टूटने पर शब्द सांसों के भँवर में डूबते परंतु उनमें संवेदना हिलकोरे मारती रही थी।

बाल और न उलझें इस पर राधिका ने एक नज़र सावित्री बुआ पर डालते हुए कहा-

”बाल उलझते हैं बुआ!”

" क्या करती हो दिनभर,बाल सूखे हाथ-पैर सूखे; कब सीखेगी अपना ख़याल रखना?" कहते हुए झुँझलाहट ने शब्दों के सारे प्रवाह तोड़ दिए, अब सावित्री बुआ के भाव शब्दों में उतर पहेलियाँ गढ़ने में व्यस्त हो गए।

” समर्पण दोष नहीं, आपका स्वभाव ही ममतामयी है।”

राधिका ने पलटकर बुआ के घुटनों पर ठुड्डी टिकाते हुए कहा।

"और उनका क्या ?  उनका हृदय करुणामय  नहीं…?”

माथे से टपकती पसीने की बूंदो में समाहित कई प्रश्न उत्तर की तलाश में भटक रहे थे राधिका को लगा यह कथा नहीं उपन्यास के बिछड़े किरदारों की पीड़ा थी जो उँगलियों के सहारे सर में डग भर रही थी।


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Sunday, 3 July 2022

वॉलेट


         " व्यवस्था से अपरिचित हो? परिवर्तन का चक्का चाक नहीं है कि चाहे जब घुमा दो!” कहते हुए- रुग्ण मनोवृत्ति द्वेष के अंगारों पर लेट गई।

  बड़े तबके के मॉल हो या छोटी-बड़ी दुकानें दरवाज़े के बाहर चप्पलें व्यवस्थित करने का ज़िम्मा इसी मनोवृति का है। भेद-भाव भरी निगाहों से एक-एक चप्पल का गहराई से अवलोकन करना फिर दिन व दिनांक का टोकन नाम सहित फला-फला व्यक्ति विशेष के हाथों में थमाना।

"ठीक ! तुम कुछ दिनों बाद आना।” कहते हुए, रुग्ण मनोवृति वहाँ से चली गई।

 विभा को मिले टोकन पर दिन व दिनांक निर्धारित नहीं है उसने अक्ल के घोड़े दौड़ाए परंतु वह समय से पिछड़ चुकी है।

विभा के साथ उम्मीद में हाथ बाँधे खड़ी चार आँखों ने ,  एक ही वाक्य दोहराया।

”एक बार और बात करके देखो, बस आख़िरी बार; फिर घर के लिए निकलते हैं।”

उन आँखें ने हृदय से फिसलते सपनों को सँभाला, फिर अगले ही पल तितर-बितर बिखरी लालसाओं को समेटने में व्यस्त हो गई।

अंततः घूरने लगीं विभा के हाथों में जकड़े सिफ़ारिश के छोटे से वॉलेट को जिसका उपयोग उनके लिए निषेध था।


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Wednesday, 1 June 2022

दंड



                                            बर्तनों की हल्की आवाज़ के साथ एक स्वर निश्छलता के कानों में कौंधा।

” निर्भाग्य है तू!  यह ले, तेरा श्राद्ध निकाल दिया।” कहते हुए आक्रोशित स्वर में क्रोध ने थाली से एक निवाला निकाला और ग़ुस्साए तेवर लिए थाली से उठ गया।

”मर गई तू हमारे लिए …ये ले…।" मुँह पर कफ़न दे मारा ईर्ष्या ने भी।

 "हुआ क्या?" निश्छलता समझ न पाई दोनों के मनोभावों को और वह सकपका गई। 

 समाज की पीड़ित हवा के साथ पीड़ा से लहूलुहान कफ़न में लिपटी निश्छलता जब दहलीज़ के बाहर कदम रखा तब उसका सामना उल्लाहना से हुआ।

” निश्छल रहने का दंड है यह ! " कहते हुए उल्लाहना खिलखिलाता हुए उसके सामने से गुज़र गया।


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Wednesday, 18 May 2022

पत्थरों की पीड़ा



"तोगड़े!  रिश्तों से उबकाई क्यों आती है ? ” कहते हुए वितान पलकों पर पड़े बोझ को तोगड़े से बाँटना चाह रहा था।

"श्रीमान! सभी अपनी-अपनी इच्छाओं की फिरकी फेंकते हैं जब वे पूरी नहीं होतीं तब आने लगती है उबकाई।"

तोगड़े ने हाज़िर-जवाबी से उत्तर देते हुए कहा।

"पिछले पंद्रह महिनों से पहाड़ियों के बीचोंबीच यों सुनसान टीसीपी पर बैठना ज़िम्मेदारी भरा कार्य नहीं है ?"

वितान कुर्सी पर एक लोथड़े के समान पड़ा था। जिसकी आँखें तोगड़े को घूर रही थी। घूरते हुए कह रहीं थीं- ”बता तोगड़े, हम क्यों हैं?धरती पर,आख़िर हमारा अस्तित्व ही क्या है? क्यों नहीं समझती दुनिया कि छ: महीने में एक बार समाज में पैर रखने पर हमें कैसा लगता है?”

"क्यों नहीं? है श्रीमान! है, ज़िम्मेदारी से लबालब भरा है। दिन भर एक भी गाड़ी यहाँ से नहीं गुज़रती फिर भी देखो! हम राइफल लिए खड़े रहते हैं।" कहते हुए- तोगड़े राइफल के लेंस में पहाड़ियों को घूरने लगा।

"तोगड़े...!" कहते हुए वितान ने चुप्पी साध ली ।

" हुकुम श्रीमान।” तोगड़े राइफल के लेंस में देखता ही जा रहा था।

"तुम्हारी पत्नी,दोस्त और घरवाले शिकायत नहीं करते तुम से तुम्हारी ज़िम्मेदारियों को लेकर।" कहते हुए वितान ने अपनी उलझनों को एक-एक कर सुलझाने के प्रयास के साथ अपनी ज़िंदगी से पूछना चाह। "कि आख़िर उसने किया क्या है?”

"नहीं साहेब! पत्नी को टेम कहाँ ? खेत-खलिहान बच्चे, चार-चार गाय बँधी हैं घर पर। छुट्टियों के बखत उसे याद दिलाना पड़ता है कि मैं भी घर पर आया हुआ हूँ, पगली भूल जाती है।"

तोगड़े का अट्टहास वितान को गाँव की गलियों में दौड़ाने लगा। वह यादों के हल्के झोंकों की फटकार को थामकर बैठना चाहता था।

"साहेब! समाज में सभी का पेटा भरना पड़ता है। नहीं तो कौन याद रखता है हम जैसे मुसाफ़िरों को, दोस्तों को एक-एक रम की बॉटल चाहिए। घरवालों को पैसे और पत्नी को कोसने के लिए नित नए शब्द, बच्चों के हिस्से कुछ बचता ही कहाँ है? शिकायतों के अंकुर फूट-फूटकर स्वतः ही झड़ जाते हैं।" तोगड़े ने गहरी साँस भरी।


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Wednesday, 27 April 2022

मोजड़ी


                   " माँ! बहुत चुभती हैं मोजड़ी।”

 पारुल ने रुआशा चेहरा बनाकर माँ से कहा।

" नई मोजड़ी,  सभी को अखरती हैं! धीरे-धीरे इनकी ऐसी आदत लगती है कि कोई और जँचती ही नहीं पैरों में।"

पारुल की माँ झूठ-मूठ की हँसी होठों पर टाँकते हुए मेहंदी के घोल को बेवजह और घोंटती जा रही थी। 

"इनसे पैरों में पत्थर भी धँसते हैं।"

पारुल ने अपने ही पैरों की ओर एक टक देखा। मासूम मन जीवन के छाले देख सहम गया।

 शून्य भाव में डूब चुकी उसकी माँ दर्द, पीड़ा; प्रेम इन शब्दों के अहसास से उबर चुकी थी।बस एक शब्द था गृहस्थी जिसे वह खींच रही थी। पारुल के पैरों में पड़े छालों पर मेहंदी का लेप लगाते हुए स्वयं के जीवन को दोहराती कि कैसे जोड़े रखते हैं रिश्तों की डोर? परिवार शब्द के गहरे में डूब चुकी उसकी माँ। बस एक ही शब्द हाँकती थी कुटुंब। उसकी माँ ने मेहंदी की कटोरी रखते हुए कहा-

”यह शब्द तेरे लिए नया है न, तभी चुभती हैं मोजड़ी।”

@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Saturday, 23 April 2022

धरा की अंबर से प्रीत


               "ल रही थी देह मेरी तब अंबर ने छिटकी थी प्रेम की बूँदें!" घुटनों पर ठुड्डी टिकाए बैठी धरा ने निशा को निहारते हुए कहा।

” तुम्हारी मिट्टी की ख़ुशबु से महकती है सृष्टि   ।” तारों जड़ा-आँचल ओढ़े चाँदनी बरसाती निशा ने धारा का माथा चूमते हुए कहा। 

 "बाहों में ले कहता था अंबर कि ख़्याल रखना अपना। एक  आह पर दौड़ा चला आता था!" निशा से कहते हुए धरा अंबर के अटूट प्रेम-विश्वास की गाँठ पल्लू से बाँधते हुए फिर बड़बड़ाने लगी और कहती है-

”देखते ही देखते निहाल हो गई थी मैं! बादलों का बरसना साधना ही तो थी मेरी। गृहस्थी फल-फूल रही थी। निकम्मे बच्चों को पालना रेगिस्तान में दूब सींचने से कम कहाँ था? " कहते हुए शून्य में लीन धरा अपने अति लाड-प्यार से बिगड़ैल बच्चों को पल्लू से ढकती, धीरे-धीरे उनका माथा सहलाने लगती है।

” अमर प्रेम है आपका!” पवन, पेड़ पर टंगी होले से फुसफुसाती है। पवन के शब्दों को धरा अनसुना करते हुए कहती है-

”एक ही परिवार तो था!  देखते ही देखते दूरियों में दूरियाँ बढ़ गईं। चाँद का चाँदनी बरसाना, सूरज का भोर को लाना उसमें इतना आक्रोश भी न था। बादलों का यों भर-भरकर बरसना सब दाता ही तो थे ! बेटी बिजली का रौद्र रूप कभी-कभी पीड़ा देता, बेटी है ना;  लाडली जो ठहरी।” समर्पित भाव में खोई धरा, आह! के साथ तड़प उठी।

”पुत्र समय! प्रेम की प्रति छवि, गृहस्थी चलाने को दौड़ता, घर का बड़ा बेटा जो है! मैं भी दौड़ती हूँ उसके पीछे, ये न कहे माँ निढाल हो गई।” कहते हुए धरा होले से पालथी मार बैठ जाती है कि कहीं हिली तो नादान बच्चे भूकंप भूकंप कह कोहराम न मचा दे! कहेंगे, ग़ुस्सा बहुत करती है माँ।

" बच्चों की मनमानी पर यों पर्दा न डाला करो !” निशा धरा के कंधे पर हाथ रखती है।

" ना री क्या कहूँ उन्हें ? दूध के दाँत टूटते नहीं कि कर्म जले अक्ल फोड़ने बैठ जाते हैं ! पानी है!हवा है!! फिर भी और गढ़ने बैठ जाते हैं। नहीं तो यों अंबर को न उजाड़ते और मेरा आँचल तार-तार न करते।” कहते हुए धरा मौन हो जाती है।


@अनीता सैनी 'दीप्ति' 

Wednesday, 13 April 2022

स्वाभिमान का टूटता दरख़्त

                 


                 ”मौत पृष्ठभूमि बनाकर थोड़े ही आती है कभी भी कहीं भी दबे पाँव चली आती है।”

कहते हुए सुखवीर ने जग से गिलास में पानी भरा।

”खाली रिवॉल्वर से जूझती मेरी अँगुलियाँ! उसका रिवॉल्वर मेरे सीने पर था। नज़रें टकराईं! कमबख़्त ने गोली नहीं चलाई?”

सुखवीर माँझे में लिपटे पंछी की तरह छटपटाया।मौत का यों गले मिलकर चले जाना उसके के लिए अबूझ पहेली से कम न था। उसने अर्पिता की गोद में सर रखते हुए कहा-

”यही कोई सतरह-अठारह वर्ष का बच्चा रहा होगा! अपने माधव के जितना, हल्की मूँछे, साँवला रंग, लगा ज्यों अभी-अभी नया रंगरूट भर्ती हुआ है।”

दिल पर लगी गहरी चोट को कुरेदते हुए,सुखवीर बीते लम्हों को मूर्ति की तरह गढ़ रहा था। आधी रात को झोंपड़ी के बाहर गूँजता झींगुरों का स्वर भी उसके साक्षी बने।

”भुला क्यों नहीं देते उस वाक़िया को?”

सुखवीर के दर्द का एक घूँट चखते हुए, अर्पिता ने उसके सर को सहलाते हुए कहा।

ख़ामोशी तोड़ते हुए सुखवीर बोल पड़ा-

” बंदा एहसान कर गया एक फौजी पर !”

हृदय की परतों में स्वयं को टटोलते हुए सुखवीर ने अर्पिता को एक नज़र देखा फिर उसी घटना में डूब गया। मन पर रखे भार को कहीं छोड़ना चाहता था।अर्पिता को लगा कि वह टोकते हुए कहे-

 ”वह पल सौभाग्य था मेरा।” परंतु न जाने क्यों ख़ामोशी शब्द निगल गई। महीनों से नींद को तरसती आँखें एक ओर मुट्ठी में दबा ज़िंदगी का टुकड़ा सुखवीर को कहीं चुभने लगा था एक आह के साथ बोल फूट ही पड़े।

”उस अपनी ज़िंदगी नहीं गवानी चाहिए थी।”


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Sunday, 3 April 2022

पेैबंद लगा पुरुष-हृदय


                   अहं में लिप्त पुरुष-हृदय करवट बदलता, स्त्री-हृदय को अपने प्रभुत्त्व का पाठ पढ़ाते हुए कहता है-

" काल के पैरों की आहट हूँ मैं! जब-जब काल ने करवट बदली,मेरा अस्तित्त्व उभर कर सामने आया है।"

  स्त्री-हृदय पुरुष-हृदय की सत्ता स्वीकारता है और खिलखिलाकर कहता है।

”चलो फिर बादलों में रंग भरो! बरसात की झड़ी लगा दो।”

कुछ समय पश्चात बादल घने काले नज़र आते हैं और बारिश होने लगती है।

”अब धूप से आँगन सुखा दो।”

कुछ समय पश्चात धूप से आसमान चमक उठता है।

" अच्छा अब अँधरे को रोशनी में डुबो दो। "

और तभी आसमान में चाँद चमक उठता है।

 समय के साथ पुरुष-हृदय का सौभाग्य चाँद की तरह चमकने लगता है।

अगले ही पल प्रेम में मुग्ध स्त्री-हृदय पुरुष-हृदय से आग्रह करते हुए कहता है-

"अब मुझे खग की तरह पंख लगा दो, पेड़ की सबसे ऊँची शाख़ पर बिठा दो।"

पुरुष-हृदय विचलित हो उठा, स्त्री-हृदय की स्वतंत्रता की भावनाएँ उसे अखरने लगती है। ”मुक्त होने का स्वप्न कैसे देखने लगी?” उसी दिन से पुरुष-सत्ता क्षीण होने लगती है।

 पेड़ की शाख़ पर बैठा पुरुष-हृदय छोटी-छोटी टहनियों से स्त्री-हृदय को स्पर्श करते हुए, स्वार्थ में पगी उपमाएँ गढ़ता है वह कोमल से अति कोमल स्त्री-हृदय गढ़ने का प्रयास करता है प्रेम और त्याग का पाठ पढ़ाते हुए कहता है -

”तुम शीतल झोंका, फूलों-सी कोमल, महकता इत्र हो तुम ममता की मुरत, प्रेमदात्री तुम।"

 स्त्री-हृदय एक नज़र पुरुष-हृदय पर डालता है शब्दों के पीछे छिपी चतुराई को भाँपता है और चुप चाप निकल जाता है।

” बला ने गज़ब ढाया है! रात के सन्नाटे को चीरते हुए निकल गई ! पायल भी उतार फेकी! चुड़ैल कैसे कहूँ? गहने भी नहीं लादे! लालचन लोभन कैसे कह पुकारूँ?"

वृक्ष की शाख़ पर बैठा पुरुष-हृदय, पेड़ के नीचे टहलते स्त्री-हृदय को देखता है।

देखता है! मान-सम्मान और स्वाभिमान का स्वाद चख चुका स्त्री-हृदय तेज़ धूप, बरसते पानी और ठिठुराती सर्दी से लड़ना जान चुका है। वर्जनाओं की बेड़ियों को तोड़ता सूर्योदय के समान चमकता, धरती पर आभा बिखेरता प्रकृति बन चुका है। 


@अनीता सैनी 'दीप्ति ' 

सीक्रेट फ़ाइल

         प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका 'लघुकथा डॉट कॉम' में मेरी लघुकथा 'सीक्रेट फ़ाइल' प्रकाशित हुई है। पत्रिका के संपादक-मंड...