Powered By Blogger

Wednesday, 1 June 2022

दंड



                                            बर्तनों की हल्की आवाज़ के साथ एक स्वर निश्छलता के कानों में कौंधा।

” निर्भाग्य है तू!  यह ले, तेरा श्राद्ध निकाल दिया।” कहते हुए आक्रोशित स्वर में क्रोध ने थाली से एक निवाला निकाला और ग़ुस्साए तेवर लिए थाली से उठ गया।

”मर गई तू हमारे लिए …ये ले…।" मुँह पर कफ़न दे मारा ईर्ष्या ने भी।

 "हुआ क्या?" निश्छलता समझ न पाई दोनों के मनोभावों को और वह सकपका गई। 

 समाज की पीड़ित हवा के साथ पीड़ा से लहूलुहान कफ़न में लिपटी निश्छलता जब दहलीज़ के बाहर कदम रखा तब उसका सामना उल्लाहना से हुआ।

” निश्छल रहने का दंड है यह ! " कहते हुए उल्लाहना खिलखिलाता हुए उसके सामने से गुज़र गया।


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Wednesday, 18 May 2022

पत्थरों की पीड़ा



"तोगड़े!  रिश्तों से उबकाई क्यों आती है ? ” कहते हुए वितान पलकों पर पड़े बोझ को तोगड़े से बाँटना चाह रहा था।

"श्रीमान! सभी अपनी-अपनी इच्छाओं की फिरकी फेंकते हैं जब वे पूरी नहीं होतीं तब आने लगती है उबकाई।"

तोगड़े ने हाज़िर-जवाबी से उत्तर देते हुए कहा।

"पिछले पंद्रह महिनों से पहाड़ियों के बीचोंबीच यों सुनसान टीसीपी पर बैठना ज़िम्मेदारी भरा कार्य नहीं है ?"

वितान कुर्सी पर एक लोथड़े के समान पड़ा था। जिसकी आँखें तोगड़े को घूर रही थी। घूरते हुए कह रहीं थीं- ”बता तोगड़े, हम क्यों हैं?धरती पर,आख़िर हमारा अस्तित्व ही क्या है? क्यों नहीं समझती दुनिया कि छ: महीने में एक बार समाज में पैर रखने पर हमें कैसा लगता है?”

"क्यों नहीं? है श्रीमान! है, ज़िम्मेदारी से लबालब भरा है। दिन भर एक भी गाड़ी यहाँ से नहीं गुज़रती फिर भी देखो! हम राइफल लिए खड़े रहते हैं।" कहते हुए- तोगड़े राइफल के लेंस में पहाड़ियों को घूरने लगा।

"तोगड़े...!" कहते हुए वितान ने चुप्पी साध ली ।

" हुकुम श्रीमान।” तोगड़े राइफल के लेंस में देखता ही जा रहा था।

"तुम्हारी पत्नी,दोस्त और घरवाले शिकायत नहीं करते तुम से तुम्हारी ज़िम्मेदारियों को लेकर।" कहते हुए वितान ने अपनी उलझनों को एक-एक कर सुलझाने के प्रयास के साथ अपनी ज़िंदगी से पूछना चाह। "कि आख़िर उसने किया क्या है?”

"नहीं साहेब! पत्नी को टेम कहाँ ? खेत-खलिहान बच्चे, चार-चार गाय बँधी हैं घर पर। छुट्टियों के बखत उसे याद दिलाना पड़ता है कि मैं भी घर पर आया हुआ हूँ, पगली भूल जाती है।"

तोगड़े का अट्टहास वितान को गाँव की गलियों में दौड़ाने लगा। वह यादों के हल्के झोंकों की फटकार को थामकर बैठना चाहता था।

"साहेब! समाज में सभी का पेटा भरना पड़ता है। नहीं तो कौन याद रखता है हम जैसे मुसाफ़िरों को, दोस्तों को एक-एक रम की बॉटल चाहिए। घरवालों को पैसे और पत्नी को कोसने के लिए नित नए शब्द, बच्चों के हिस्से कुछ बचता ही कहाँ है? शिकायतों के अंकुर फूट-फूटकर स्वतः ही झड़ जाते हैं।" तोगड़े ने गहरी साँस भरी।


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Wednesday, 27 April 2022

मोजड़ी


                   " माँ! बहुत चुभती हैं मोजड़ी।”

 पारुल ने रुआशा चेहरा बनाकर माँ से कहा।

" नई मोजड़ी,  सभी को अखरती हैं! धीरे-धीरे इनकी ऐसी आदत लगती है कि कोई और जँचती ही नहीं पैरों में।"

पारुल की माँ झूठ-मूठ की हँसी होठों पर टाँकते हुए मेहंदी के घोल को बेवजह और घोंटती जा रही थी। 

"इनसे पैरों में पत्थर भी धँसते हैं।"

पारुल ने अपने ही पैरों की ओर एक टक देखा। मासूम मन जीवन के छाले देख सहम गया।

 शून्य भाव में डूब चुकी उसकी माँ दर्द, पीड़ा; प्रेम इन शब्दों के अहसास से उबर चुकी थी।बस एक शब्द था गृहस्थी जिसे वह खींच रही थी। पारुल के पैरों में पड़े छालों पर मेहंदी का लेप लगाते हुए स्वयं के जीवन को दोहराती कि कैसे जोड़े रखते हैं रिश्तों की डोर? परिवार शब्द के गहरे में डूब चुकी उसकी माँ। बस एक ही शब्द हाँकती थी कुटुंब। उसकी माँ ने मेहंदी की कटोरी रखते हुए कहा-

”यह शब्द तेरे लिए नया है न, तभी चुभती हैं मोजड़ी।”

@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Saturday, 23 April 2022

धरा की अंबर से प्रीत


               "ल रही थी देह मेरी तब अंबर ने छिटकी थी प्रेम की बूँदें!" घुटनों पर ठुड्डी टिकाए बैठी धरा ने निशा को निहारते हुए कहा।

” तुम्हारी मिट्टी की ख़ुशबु से महकती है सृष्टि   ।” तारों जड़ा-आँचल ओढ़े चाँदनी बरसाती निशा ने धारा का माथा चूमते हुए कहा। 

 "बाहों में ले कहता था अंबर कि ख़्याल रखना अपना। एक  आह पर दौड़ा चला आता था!" निशा से कहते हुए धरा अंबर के अटूट प्रेम-विश्वास की गाँठ पल्लू से बाँधते हुए फिर बड़बड़ाने लगी और कहती है-

”देखते ही देखते निहाल हो गई थी मैं! बादलों का बरसना साधना ही तो थी मेरी। गृहस्थी फल-फूल रही थी। निकम्मे बच्चों को पालना रेगिस्तान में दूब सींचने से कम कहाँ था? " कहते हुए शून्य में लीन धरा अपने अति लाड-प्यार से बिगड़ैल बच्चों को पल्लू से ढकती, धीरे-धीरे उनका माथा सहलाने लगती है।

” अमर प्रेम है आपका!” पवन, पेड़ पर टंगी होले से फुसफुसाती है। पवन के शब्दों को धरा अनसुना करते हुए कहती है-

”एक ही परिवार तो था!  देखते ही देखते दूरियों में दूरियाँ बढ़ गईं। चाँद का चाँदनी बरसाना, सूरज का भोर को लाना उसमें इतना आक्रोश भी न था। बादलों का यों भर-भरकर बरसना सब दाता ही तो थे ! बेटी बिजली का रौद्र रूप कभी-कभी पीड़ा देता, बेटी है ना;  लाडली जो ठहरी।” समर्पित भाव में खोई धरा, आह! के साथ तड़प उठी।

”पुत्र समय! प्रेम की प्रति छवि, गृहस्थी चलाने को दौड़ता, घर का बड़ा बेटा जो है! मैं भी दौड़ती हूँ उसके पीछे, ये न कहे माँ निढाल हो गई।” कहते हुए धरा होले से पालथी मार बैठ जाती है कि कहीं हिली तो नादान बच्चे भूकंप भूकंप कह कोहराम न मचा दे! कहेंगे, ग़ुस्सा बहुत करती है माँ।

" बच्चों की मनमानी पर यों पर्दा न डाला करो !” निशा धरा के कंधे पर हाथ रखती है।

" ना री क्या कहूँ उन्हें ? दूध के दाँत टूटते नहीं कि कर्म जले अक्ल फोड़ने बैठ जाते हैं ! पानी है!हवा है!! फिर भी और गढ़ने बैठ जाते हैं। नहीं तो यों अंबर को न उजाड़ते और मेरा आँचल तार-तार न करते।” कहते हुए धरा मौन हो जाती है।


@अनीता सैनी 'दीप्ति' 

Wednesday, 13 April 2022

स्वाभिमान का टूटता दरख़्त

                 


                 ”मौत पृष्ठभूमि बनाकर थोड़े ही आती है कभी भी कहीं भी दबे पाँव चली आती है।”

कहते हुए सुखवीर ने जग से गिलास में पानी भरा।

”खाली रिवॉल्वर से जूझती मेरी अँगुलियाँ! उसका रिवॉल्वर मेरे सीने पर था। नज़रें टकराईं! कमबख़्त ने गोली नहीं चलाई?”

सुखवीर माँझे में लिपटे पंछी की तरह छटपटाया।मौत का यों गले मिलकर चले जाना उसके के लिए अबूझ पहेली से कम न था। उसने अर्पिता की गोद में सर रखते हुए कहा-

”यही कोई सतरह-अठारह वर्ष का बच्चा रहा होगा! अपने माधव के जितना, हल्की मूँछे, साँवला रंग, लगा ज्यों अभी-अभी नया रंगरूट भर्ती हुआ है।”

दिल पर लगी गहरी चोट को कुरेदते हुए,सुखवीर बीते लम्हों को मूर्ति की तरह गढ़ रहा था। आधी रात को झोंपड़ी के बाहर गूँजता झींगुरों का स्वर भी उसके साक्षी बने।

”भुला क्यों नहीं देते उस वाक़िया को?”

सुखवीर के दर्द का एक घूँट चखते हुए, अर्पिता ने उसके सर को सहलाते हुए कहा।

ख़ामोशी तोड़ते हुए सुखवीर बोल पड़ा-

” बंदा एहसान कर गया एक फौजी पर !”

हृदय की परतों में स्वयं को टटोलते हुए सुखवीर ने अर्पिता को एक नज़र देखा फिर उसी घटना में डूब गया। मन पर रखे भार को कहीं छोड़ना चाहता था।अर्पिता को लगा कि वह टोकते हुए कहे-

 ”वह पल सौभाग्य था मेरा।” परंतु न जाने क्यों ख़ामोशी शब्द निगल गई। महीनों से नींद को तरसती आँखें एक ओर मुट्ठी में दबा ज़िंदगी का टुकड़ा सुखवीर को कहीं चुभने लगा था एक आह के साथ बोल फूट ही पड़े।

”उस अपनी ज़िंदगी नहीं गवानी चाहिए थी।”


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Sunday, 3 April 2022

पेैबंद लगा पुरुष-हृदय


                   अहं में लिप्त पुरुष-हृदय करवट बदलता, स्त्री-हृदय को अपने प्रभुत्त्व का पाठ पढ़ाते हुए कहता है-

" काल के पैरों की आहट हूँ मैं! जब-जब काल ने करवट बदली,मेरा अस्तित्त्व उभर कर सामने आया है।"

  स्त्री-हृदय पुरुष-हृदय की सत्ता स्वीकारता है और खिलखिलाकर कहता है।

”चलो फिर बादलों में रंग भरो! बरसात की झड़ी लगा दो।”

कुछ समय पश्चात बादल घने काले नज़र आते हैं और बारिश होने लगती है।

”अब धूप से आँगन सुखा दो।”

कुछ समय पश्चात धूप से आसमान चमक उठता है।

" अच्छा अब अँधरे को रोशनी में डुबो दो। "

और तभी आसमान में चाँद चमक उठता है।

 समय के साथ पुरुष-हृदय का सौभाग्य चाँद की तरह चमकने लगता है।

अगले ही पल प्रेम में मुग्ध स्त्री-हृदय पुरुष-हृदय से आग्रह करते हुए कहता है-

"अब मुझे खग की तरह पंख लगा दो, पेड़ की सबसे ऊँची शाख़ पर बिठा दो।"

पुरुष-हृदय विचलित हो उठा, स्त्री-हृदय की स्वतंत्रता की भावनाएँ उसे अखरने लगती है। ”मुक्त होने का स्वप्न कैसे देखने लगी?” उसी दिन से पुरुष-सत्ता क्षीण होने लगती है।

 पेड़ की शाख़ पर बैठा पुरुष-हृदय छोटी-छोटी टहनियों से स्त्री-हृदय को स्पर्श करते हुए, स्वार्थ में पगी उपमाएँ गढ़ता है वह कोमल से अति कोमल स्त्री-हृदय गढ़ने का प्रयास करता है प्रेम और त्याग का पाठ पढ़ाते हुए कहता है -

”तुम शीतल झोंका, फूलों-सी कोमल, महकता इत्र हो तुम ममता की मुरत, प्रेमदात्री तुम।"

 स्त्री-हृदय एक नज़र पुरुष-हृदय पर डालता है शब्दों के पीछे छिपी चतुराई को भाँपता है और चुप चाप निकल जाता है।

” बला ने गज़ब ढाया है! रात के सन्नाटे को चीरते हुए निकल गई ! पायल भी उतार फेकी! चुड़ैल कैसे कहूँ? गहने भी नहीं लादे! लालचन लोभन कैसे कह पुकारूँ?"

वृक्ष की शाख़ पर बैठा पुरुष-हृदय, पेड़ के नीचे टहलते स्त्री-हृदय को देखता है।

देखता है! मान-सम्मान और स्वाभिमान का स्वाद चख चुका स्त्री-हृदय तेज़ धूप, बरसते पानी और ठिठुराती सर्दी से लड़ना जान चुका है। वर्जनाओं की बेड़ियों को तोड़ता सूर्योदय के समान चमकता, धरती पर आभा बिखेरता प्रकृति बन चुका है। 


@अनीता सैनी 'दीप्ति ' 

Monday, 28 March 2022

परिवर्तन



                  ” न री ! पाप के पैरों घुँघरु न बाँध; तेरे कलेजे पर ज़िंदा नाचेगा ज़िंदगी भर।”

बुलिया काकी का अंतरमन उसे कचोटता है। हाथों में लहू से लथपथ बच्ची को माँ के पेट पर डालती है और बाँस का टुकड़ा टटोलने लगती है।

"अरे आँखें खोल शारदा! वे ले जाएँगे करमजली को।"

बुलिया काकी नाल काटते हुए शारदा को होश में लाने का प्रयास करती है। शारदा की यह चौथी बिटिया थी, दो को  ज़िंदा दफ़ना दिया, एक दरवाज़े के बाहर बाप के पैरों से लिपटी खड़ी है। कि इस बार वह अपने भाई के साथ खेलेगी।

”काकी-सा इबके लला ही आया है ना...।”

दर्द से कराहते, लड़खड़ाते शब्दों के साथ प्रसन्नचित्त स्वर में शारदा पूछती है।

" ना री तेरा द्वार पहचानने लगी हैं निर्मोही, मेरे ही हाथों जनती हैं मरने को।"

बुलिया काकी माथा पीटते हुए वहीं चारपाई पर बैठ जाती है। शारदा लटकते पल्लू से बच्ची को ढक लेती है।

"काकी-सा दरवाज़ा खोल दो, उन्हें अंदर आने दो….।"

शारदा दबे स्वर में दरवाज़े की ओर इशारा करती है।

स्वर भारी था-” काकी बिटवा है ना?"

मदन चारपाई के पास झुकता हुआ पूछता है। दोनों औरतें एक टक मदन को ख़ामोशी से घूरतीं हैं मदन लड़की को बिना देखे ही समझ लेता है कि लड़की हुई है,पैर पकड़ वहीं काकी के पास बैठ जाता है।

"वे आप के माँ-बाप थे? आप थी वह लड़की  या कोई और ?" स्मृतियों में खोई पार्वती दादी को नीता टोकते हुए कहती है।

पार्वती दादी स्मृति में डूब चुकी थी समय लगता था उन्हें  वापस आने में।

"मदन न मारता, अपनी बेटियों को! दहेज का दानव आता, उठा ले जाता गाँव की बेटियों को, माँ- बाप तो कलेजा पीटते, कोई छुड़ाता न था।"

पार्वती दादी के चेहरे की झुर्रियों से झाँकती पीड़ा कई प्रश्न लिए खड़ी,दो घुँट पानी पिया और पथरई आँखों से घूरते हुए कहती।

"आज भी खुले आम घूमता है दानव, जो बेटियाँ बहादुर होती हैं जीत लेती हैं, जो लड़ना नहीं जानती उसे उठा ले जाता है आता तो आज भी है, गला नहीं घोंटता, धीरे-धीरे ख़ून चूसता है, हाँ आता तो आज भी है।”

पार्वती दादी पूर्ण विश्वास के साथ अपने ही शब्दों का दोहराव करती हैं।


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Tuesday, 15 March 2022

मैं हूँ


                       “मेल चैक करते रहना, ख़ैर ख़बर मिलती रहगी कि मैं हूँ।”  उस दिन फोन पर प्रदीप के शब्दों में जोश नहीं, प्रेम था। प्रेम जो सांसों से बहता हुआ शब्दों में ढलता कह रहा था बस आख़िरी मिशन... फिर रिज़ाइन लिख दूँगा, अब बस और नहीं होती यह नौकरी।

"मैं हूँ से मतलब …?” कहते हुए भावातिरेक में तान्या के शब्द  लड़खड़ा गए। वह वाक्यों की गठान ठीक से न जोड़ पाई। उसने प्रदीप को इतना पढ़ा कि उसके इन शब्दों का प्रत्युत्तर ठीक से न दे सकी। फिर चाहे किताब हो या इंसान; अक़्सर ऐसा होता है, ज़्यादा पढ़ने से तारतम्यता टूट जाता है।

 “मैं हूँ से मतलब मैं हूँ…।" हल्के स्वर में प्रदीप ने ये शब्द फिर दोहराये। इस बार गला रुँधा हुआ नहीं था, अपितु जोश था। नहीं रुँधा हुआ था। इन्हीं ख़्यालों में गुम तान्या कॉरिडोर में रखी ख़ाली कुर्सी को एक टक ताक रही थी। एक पखवाड़ा बीत गया प्रदीप की व्यस्तता के चलते न कोई मेल न ही फोन बस का एहसास था।

 “मैं हूँ”


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Wednesday, 9 March 2022

वज्राहत मन

          


                 ”अम्मा जी आपके साथ और कौन-कौन है?” कहते हुए नर्स ड्रिप बदलने लगती है।

”हाँ…हाँ… वे!” कहते हुए अम्मा जी टुकुर-टुकुर नर्स को घूरने लगती हैं ।अम्मा जी की स्मृति विस्तार पर प्रश्न वाचक का लोगो लगा हुआ था।नर्स डॉ. को जो जो सुनाना चाहती, वही उन्हें सुन जाता। दिखाई भी वही देता, नर्स डॉ. को जो जो दिखाना चाहती।

”अम्मा जी कुछ स्मरण हुआ ?” नर्स जाते-जाते यही शब्द फिर दोहराती है। अम्मा जी को कुछ याद आता है परंतु याद की तरह नहीं बल्कि छींक की तरह, उमड़ता है फिर चला जाता है । नर्स को फिर टुकुर-टुकुर देखने लगती है।

”बड़ी शांत और सुशील हैं अम्मा जी।”कहते हुए पाँच नंबर बैड का पेशेंट अम्मा जी के पास से गुजरता है।

"ओह! शांत और सुशील! " व्यंग्यात्मक स्वर में नर्स यही शब्द फिर दोहराती है। अम्मा जी को भी यही  सुनाई देता हैं।

”हाँ…हाँ…हाँ…शांत…सुशील… !” स्मृतियाँ अब अम्मा जी के बुखार की तरह धीरे-धीरे उमड़ती हैं। बहुत देर तक स्थाई रहती हैं। माथे पर ठंडे पानी से भीगी  पट्टी रखी जाती है। गहरी साँस के साथ चारों तरफ़ देखती हैं परंतु दिखता नहीं है।स्वयं के साथ संघर्ष कर आजीवन अर्जित किया ख़िताब अम्मा जी के होंठो पर फिर टहलने लगता हैं।

”शांत… सुशील…।”


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

Tuesday, 1 March 2022

ज्ञान सरोवर



   ” मालिक! मैं यह न समझ पाया, आप कब हो आए? ज्ञान सरोवर!” नाथू ने जमीन पर सोने के लिए प्लास्टिक का त्रिपाल बिछाया।

” सात पीढ़ियों पहले हमारे पूर्वज होकर आए, हमारे तो ख़ून में बहता है ज्ञान।”

हुक्के की गुड़-गुड़ के साथ जमींदार का सीना छह इंच और चौड़ा हो गया। इस वार्तालाप के साक्षी बने चाँद- तारे घुटनों पर ठुड्डी टिकाए आज भी वैसे ही ताक रहे हैं जैसे वर्षों पहले ताक रहे थे।

”अब मालिक पीछला हिसाब कर ही दो, सोचता हूँ मैं भी ज्ञान सरोवर हो ही आता हूँ।”नाथू विचलित मन से जल्दी-जल्दी हाथों से त्रिपाल की सलवटें निकालने लगा।

”अरे! ऐसे कैसे हो आते हो? वो तो बहुत दूर है!”

हुक्के की गुड़-गुड़ और तेज हो गयी।

”कितना दूर मालिक, चाँद पर तो न ही ना?”

नाथू ने हाथ में लिया अंगोंछा सर के नीचे लगा लिया।

"मानसरोवर के भी उस पार, नाम सुना है कि नहीं? उससे भी कई पहाड़ी ऊपर, तुम रहने दो मर मरा जाओगे कहीं!” कहते हुए -

काली रात में नील गायों के आने की सरसराहट सुनते हुए जमींदार ने निगाह दौड़ाई।

”अब सोचता हूँ मालिक, कब तक आपही की खींची लकीरें देखता रहूँगा। कुछ कहूँ तब आप उपले की तरह  बात पलट देते हो।”

नाथू ने हाथ में अंगोंछा लिए, फिर घुटनों के बल बैठ गया।

”फिर?”

 जमींदार प्रश्न किया।

” फिर क्या यों हांडी में सर दिए नहीं बैठूँगा?अपनी लकीर खींचूँगा।”

कहते हुए नाथू मुँह पर अंगोंछा डालकर सो गया। रात भर हुक्के की गुड़-गुड़ उसके कानों में गुड़कती रही।


@अनीता सैनी 'दीप्ति'

सीक्रेट फ़ाइल

         प्रतिष्ठित साहित्यिक पत्रिका 'लघुकथा डॉट कॉम' में मेरी लघुकथा 'सीक्रेट फ़ाइल' प्रकाशित हुई है। पत्रिका के संपादक-मंड...